जमानिया (गाजीपुर) सावन माह के दूसरे सोमवार के अवसर पर रविवार की शाम नगर स्थित बलुआघाट पर मां गंगा उतर वाहिनी सेवा समिति के तत्वावधान में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कांवरियों के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में कांवरियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शैक्षणिक संसाधन (एआरपी) अरविंद कुमार सिंह ने मां गंगा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने अपने हाथों से कांवरियों को भोजन एवं प्रसाद वितरित कर सेवा कार्य में सहभागिता की।
इस दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी पूरे उत्साह के साथ कांवरियों को भोजन कराया। समिति के सदस्यों ने कहा कि सावन माह में कांवरियों की सेवा करना पुण्य और सौभाग्य का कार्य है। इसी भावना के साथ समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष भंडारे का आयोजन किया जाता है।
भंडारे के दौरान बलुआघाट का माहौल भक्तिमय बना रहा। कांवरियों और श्रद्धालुओं के बीच सेवा भाव के साथ भोजन वितरण का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। आयोजन में समिति के अध्यक्ष कमल चंद्र बाबा, प्रदीप वर्मा, संतोष शर्मा, शशिशेखर उपाध्याय, सुभाष चौरसिया, दिलीप वर्मा, विवेकानंद वर्मा, सुनील प्रजापति, सागर वर्मा, मनीष पटवा, भोलू गुप्ता, नितेश निगम, जानी शर्मा, रोशन चौधरी सहित अन्य सदस्यों ने भोजन वितरण में सहयोग करते हुए आयोजन को सफल बनाया।


