जमानिया (गाजीपुर)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंगलवार को नगर स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में शस्त्र पूजन कर विजयादशमी उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर संघ के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला सेवा प्रमुख अनुज ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में समाज और राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निर्धारित पांच प्रमुख सूत्रों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी आचरण और नागरिक कर्तव्य को ‘पंच परिवर्तन’ के रूप में अपना कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने इन पांचों सूत्रों को अपने जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्रहित में योगदान देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गुलाब सेठ ने की, जबकि संचालन नगर कार्यवाह माधव जी ने किया। इस दौरान उपस्थित स्वयंसेवकों ने विजयादशमी पर्व के महत्व पर चर्चा करते हुए सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बजरंग दल के नगर संयोजक सतीश वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा, खंड कार्यवाह आशुतोष, विशाल, अरुण वारी, देवब्रत, किशन, रामायण उपाध्याय, प्रदीप, अभय सोनी, अरविंद, नवीन, जगदीश, रामकुमार, हरिमोहन सहित संघ के अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

