श्रीमद्भागवत कथा में पहुंचीं जिला पंचायत अध्यक्ष, कथावाचक से लिया आशीर्वाद

जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र के देवड़ी गांव में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा में सोमवार की शाम गाजीपुर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया। उन्होंने कथा में शामिल होकर आरती की और वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक शिवम तिवारी जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके आगमन पर आयोजन स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम करीब सात बजे जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह भाजपा नेता अमित सिंह के साथ कथा स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने विधि-विधान से आयोजित आरती में सहभागिता की और व्यास पीठ को नमन किया। इस अवसर पर कथावाचक शिवम तिवारी जी महाराज ने उन्हें राधा रानी का स्मृति चिह्न भेंट किया तथा सुख-समृद्धि और यशस्वी जीवन का आशीर्वाद दिया।

वृंदावन धाम से पधारे कथावाचक शिवम तिवारी जी महाराज के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा के दौरान भगवान की लीलाओं और आध्यात्मिक प्रसंगों का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन हो रहे हैं। नौ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन से देवड़ी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

आयोजन में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों की भी सहभागिता हो रही है। श्रद्धालु कथा श्रवण के साथ धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

इस अवसर पर देवड़ी गांव के प्रधान प्रतिनिधि संजय सिंह, भाजपा जमानिया दक्षिणी मंडल अध्यक्ष संदीप बिंद, मदन लाल राम, महामंत्री दीपक सिंह, कमलेश तिवारी, राकेश तिवारी, रामउपदेश सिंह, वीरेंद्र सिंह, रंजीत गुप्ता, सत्यम चौधरी, भानु सिंह, अनुराग पांडेय, विशाल, बबलू यादव और फेकन सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *