उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का हुआ सकुशल समापन

जमानियां (गाजीपुर)। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही सोमवार की सुबह छठ महापर्व का समापन हो गया। व्रती महिलाओं ने परिवार की सुख, शांति व समृद्धि की मंगलकामना के लिए भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और अपने चार दिवसीय महा पूजा का समापन किया।

स्थानीय क्षेत्र के चक्कबाँध, बड़ेसर, बलुआ घाट, सतुआनी घाट, हरपुर घाट सहित आस पास ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से छठी माता की पूजा-अर्चना की। सोमवार की भोर से ही व्रती महिलाएं घाटों पर पहुंच कर घंटों नदी में खड़ी होकर सूर्योदय का इंतजार करती रहीं, भगवान सूर्य की दर्शन होने ही श्रद्धालुओं ने अर्घ्य दिया। इस दौरान पारंपरिक लोक गीत और छठ मइया के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

वहीं समाजसेवी युवाओं ने जगह जगह टेंट लगाकर छठ पूजा घाट पर पहुंचे हजारों लोगों को निःशुल्क चाय पिलाया। जिसका लोगों ने खूब आनंद उठाया।

पुलिस प्रशासन द्वारा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। छठ महापर्व पर पुलिस प्रशासन द्वारा जाम से निपटने के लिए किए गए बेहतर यातायात व्यवस्था की श्रद्धालुओं ने काफी सराहना की। नदी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत नाव पर सवार पुलिसकर्मी लगातार गश्त करते रहे। इसके साथ ही तहसील प्रशासन के निर्देश पर राजस्व टीम व्यवस्थाओं को संभालने में जुटी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *