जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र में फर्जी तरीके से चल रहे अल्ट्रासाउंड व पैथॉलजी सेंटरों में शुक्रवार की दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एसीएमओ डॉ. एस. के. सरोज अपने जांच टीम के साथ औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। एसीएमओ के औचक निरीक्षण की जानकारी मिलते ही कस्बा बाजार और स्टेशन बाजार के कई मेडिकल स्टोर और अवैध तरीके से चल रहे अस्पताल के संचालक अस्पताल बंद करके मौके से फरार हो गये।
एसीएमओ डॉ. एस. के. सरोज स्थानीय पीएचसी पहुंचे, जहां स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी तथा करंडा व भदौरा प्रभारी के साथ कस्बा बाजार स्थित गन हाउस के पास फर्जी तरीके से चल रहे एक पैथोलॉजी सेंटर पर पहुंचे और उसके दस्तावेजों की गहन जांच पड़ताल की। जांच टीम ने पाया कि जिस लैब जांच चिकित्सक का नाम और प्रमाण पत्र है, उसका इस पैथोलॉजी सेंटर से ना कोई वास्ता था और ना ही वह पैथोलॉजी लैब में कभी आते हैं।
इसके बाद टीम कस्बा बाजार के कंकड़वा घाट स्थित एक निजी अस्पताल पहुंची, जहां अवैध रूप से अस्पताल संचालित होना पाया गया। जिसपर अस्पताल संचालक को अस्पताल बंद करने की सख्त चेतावनी दी गई। इसके बाद जांच टीम स्टेशन बाजार के बड़ेसर स्थित एक अल्ट्रासाउंड व पैथॉलजी सेंटरों पर पहुंची, जहां कुछ अनियमितताएं पाई गई, जिसे अतिशीघ्र दुरुस्त करने के लिए निर्देशित किया गया।
तत्पश्चात जांच टीम रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित एक और अल्ट्रासाउंड व पैथॉलजी सेंटर पर पहुंची जहां जांच में भारी अनियमितता पाई गई तथा अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालन हेतु कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। एसीएमओ ने तुरंत अल्ट्रासाउंड संचालक को फोन कर कड़ी फटकार लगाई और सख्त चेतावनी दी।
जांचोपरांत एसीएमओ ने बताया कि क्षेत्र में लगभग सभी डाइग्नोस्टिक सेंटर फर्जी तरीके से संचालित हो रहे हैं, जिनकी सूची बनाकर अग्रिम कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. रुद्रकांत सिंह को निर्देशित किया गया है।
गौरतलब हो कि स्थानीय तहसील क्षेत्र में दर्जनों की संख्या में मानक के विपरीत अल्ट्रासाउंड व पैथॉलजी सेंटर धड़ल्ले से चल रहे है। जहां न तो अधिकृत अल्ट्रासोनोग्राफी चिकित्सक की उपस्थिति है और ना ही इनके पास कोई वैध दस्तावेज है। आलम यह है कि अगर आप एक ही जांच के लिए क्षेत्र के अलग अलग डायग्नोस्टिक सेंटर पर जांच कराने जाते हैं तो सभी का जांच रिपोर्ट अलग अलग आता है, जो कहीं न कहीं लोगों के स्वास्थ्य से बहुत बड़ा खिलवाड़ है।





