सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया उत्साह

जमानिया (गाजीपुर)। नगर स्थित लोदीपुर सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर बच्चों की उमंग, खुशियों और उत्साह से गुलजार रहा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक  सत्य प्रकाश मौर्य ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं बच्चों के प्रिय चाचा पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान उन्होंने बाल दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बाल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों के लिए दौड़ प्रतियोगिता, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, निशाना लगाओ प्रतियोगिता और म्यूजिकल चेयर सहित कई रोचक खेलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। खेलों के दौरान विद्यार्थियों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।

कार्यक्रम का खास आकर्षण शिक्षकों की सहभागिता रही। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ विभिन्न खेलों एवं मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया, जिससे बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य  एल. डी. जेना ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की सबसे अनमोल धरोहर हैं। प्रत्येक बच्चे में असीम प्रतिभा और संभावनाएं छिपी होती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, रचनात्मकता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास, लगन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक सत्य प्रकाश मौर्य ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं और खुशनुमा माहौल के बीच हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *