
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका क्षेत्र के स्टेशन बाजार में सफाई व्यवस्था इन दिनों ध्वस्त है, आलम यह है कि दीपावली से पहले और दीपावली बीतने के बाद भी नालियों की सफाई का कार्य नहीं किया गया। जिससे वार्डवासियों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है।
वार्डवासियों ने बताया कि सब्जीमंडी के वार्ड नं 17 में काफी समय से नाली की साफ सफाई नहीं की गई। नाली जाम होने से घरों और दुकानों से निकलने वाला गंदा पानी ओवरफ्लो हो रहा है और पटरी पर फैला हुआ है। जिसे तस्वीरों के माध्यम से स्पष्ट देखा जा सकता है।

नाली ओवरफ्लो होने से लोगों के आने जाने में परेशानी तो है ही, संक्रामक बीमारी होने का भी खतरा मंडरा रहा है। जिसपर नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह से मौन धारण किया हुआ है। इतना ही नहीं, नगर पालिका के जनप्रतिनिधि भी इस समस्या पर चुप्पी साधे हुए हैं।
नगरवासियों ने कहा कि समय समय पर नालियों की साफ सफाई और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव न किया जाना कहीं न कहीं नगर पालिका की लापरवाही को दर्शाता है। लोगों ने शीघ्र नाली की सफाई और कीटनाशक दवाओं के छिड़काव की मांग की है।
इस संबंध में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार को फोन करने पर उनका फोन नहीं उठा।





