जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के राजपुर पोखरा के पास मंगलवार की रात कुएं में गिरने से 36 वर्षीय मजदूर संतोष कुमार राम की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के चाचा राजेश कुमार के अनुसार, संतोष मंगलवार की देर रात पत्नी के साथ रामलीला देखकर घर लौटा था। कुछ देर बाद वह शौच के लिए बाहर निकला। इसी दौरान घर से करीब 20 मीटर दूर स्थित कुएं के पास अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों के मुताबिक, संतोष चार भाइयों में सबसे बड़ा था और मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब दस वर्ष पहले उसका विवाह अदसड़ गांव निवासिनी रेखा से हुआ था। उसके दो बेटे अंकुश (9) और अर्जुन (6) हैं। पति की असामयिक मौत से पत्नी रेखा का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, कम उम्र में ही दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों के सामने आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की मौत कुएं में गिरने से हुई है।

