चटका रेलवे ट्रैक, राजधानी एक्सप्रेस के लोको पायलट की सतर्कता से टला हादसा

जमानियां (गाजीपुर)। दानापुर रेल मंडल के जमानियां और धीना रेलवे स्टेशन के बीच बुधवार की भोर में अप लाइन पर रेलवे ट्रैक चटकने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया। अगरतला आनंदबिहार जा रही 20501 राजधानी एक्सप्रेस के लोको पायलट को सुबह करीब 4:05 बजे ट्रैक में आई खराबी के कारण झटका महसूस हुआ। लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल स्थानीय स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी। समय रहते जानकारी मिलने से रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया और एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

ट्रैक चटकने की सूचना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर रेल परिचालन को नियंत्रित किया गया। इस दौरान स्थानीय स्टेशन के लूप लाइन पर 63231 पटना-डीडीयू पैसेंजर ट्रेन खड़ी रही, जबकि 13201 राजगीर-लोकमान्य तिलक बॉम्बे जनता एक्सप्रेस जमानिया स्टेशन पर तथा 19484 सहरसा-अहमदाबाद एक्सप्रेस दरौली स्टेशन पर रोक दी गई। ट्रेनों के अचानक रुकने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

रेलवे प्रशासन ने ट्रैक की स्थिति को देखते हुए करीब 45 मिनट बाद सुबह 5:45 बजे कॉशन के सहारे ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू कराया। इस दौरान ट्रेनों को अधिकतम 30 किलोमीटर प्रति घंटे की निर्धारित सावधानीपूर्ण गति से चलाया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

इस संबंध में स्टेशन मास्टर आदित्य राज ने जानकारी दिया कि लोको पायलट की सतर्कता और समय पर सूचना दिए जाने से संभावित दुर्घटना को समय रहते रोक लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *