गाजीपुर में भारतीय आवाम पार्टी के जिला कार्यालय का हुआ उद्घाटन

गाजीपुर। शहर के रौजा स्थित भारतीय आवाम पार्टी (राष्ट्रीय) के जनपदीय कार्यालय का बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. कुँअर नसीम रज़ा सिकरवार ने फीता खोलकर उद्घाटन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

कार्यालय उद्घाटन के बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा 21 अक्टूबर वर्ष 1943 को आजाद हिंद की अस्थायी सरकार की स्थापना की घोषणा के अवसर पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

फोटो : संबोधित करते डॉ. कुँअर नसीम रज़ा सिकरवार

गोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. कुँअर नसीम रज़ा सिकरवार ने कहा कि नया जिला कार्यालय जनता की आवाज और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का केंद्र बनेगा। उन्होंने युवाओं से जाति-धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ज़ाकिर हुसैन विक्की ने कहा कि आजाद हिंद फौज में विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोगों ने देश की आजादी के लिए योगदान दिया। राष्ट्रभक्ति किसी धर्म या जाति तक सीमित नहीं है। उन्होंने समान अवसर, शिक्षा, रोजगार, न्याय और सामाजिक सम्मान के लिए पार्टी के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम में सागर सिंह मौर्य, ज़ेन अल्फ़ा, एलिज़ा भारतवंशी, हेलाल सिद्दीकी राजन और सलीम अंसारी ने भी युवाओं से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का आह्वान किया।

इस अवसर पर सदरुद्दीन अंसारी, जमील अंसारी, तारिक अब्बास सिद्दीकी, आतिफ अंसारी, फखरे आलम बाबू, ज़ियाउलहक सहित पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *