जमानियां-दरौली मार्ग पर झाड़ियों से हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने की सफाई की मांग

जमानियां (गाजीपुर)। जमानियां-दरौली मार्ग पर शाहपुर लाठियां गांव के पास सड़क किनारे उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियां राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। विशेष रूप से मोड़ वाले स्थान पर झाड़ियों के सड़क तक फैल जाने से सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। इससे यहां कभी भी गंभीर सड़क हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शाहपुर लाठियां गांव के पास मार्ग के किनारे काफी समय से झाड़ियां बढ़ी हुई हैं। मुड़ान वाले स्थान पर स्थिति और भी गंभीर है। झाड़ियों के कारण वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों का अंदाजा समय रहते नहीं लग पाता। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के आमने-सामने आने पर दुर्घटना  की संभावना बनी हुई है।

ग्रामीणों ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से जमानियां तहसील सहित अन्य स्थानों के लिए आवागमन करते हैं। झाड़ियों के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की समय रहते कटाई और सफाई कराया जाना जरूरी है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर झाड़ियों की तत्काल सफाई कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *