जमानियां (गाजीपुर)। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्थानीय तहसील में चलाए जा रहे भूमि विवाद निस्तारण अभियान के तहत बुधवार को राजस्व, लेखपाल एवं पुलिस टीम द्वारा विभिन्न गांवों में पहुंचकर विवादित मामलों का निस्तारण किया गया। अभियान की शुरुआत 12 मई 2026 से की गई थी, जिसके क्रम में 13 मई को तहसील की 7 टीम द्वारा आधा दर्जन से अधिक गांवों में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान लहुवार, गरुआ मकसूदपुर, फुल्ली ता चौधरी अजमल, पचोखर, किशुनीपुर, जोगियामार, बहादुरपुर, सुहवल, खरगसीपुर उर्फ नईबाजार तथा नरियांव उर्फ उमरगंज गांव में भूमि संबंधी मामलों का निस्तारण किया गया। कार्रवाई के दौरान धारा 24 के अंतर्गत 15 प्रकरणों में पैमाइश कराई गई, तो वहीं कुछ मामलों में चकरोड एवं रास्ते का सीमांकन कराया गया।
इसके साथ ही धारा 116 के तहत 4 मामलों में कब्जा दिलाने की कार्रवाई तथा ग्राम सभा की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के 8 मामले का निस्तारण किया गया। इस दौरान करीब 1.836 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
एसडीएम मनोज पाठक ने बताया कि भूमि विवादों के त्वरित समाधान और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।










