धीना (चंदौली)। स्थानीय थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, डेढ़गांवा गांव के पास महज दो किलोमीटर की दूरी के बीच अलग अलग स्थानों पर दो अज्ञात युवकों की हत्या के बाद सड़क किनारे शव फेंका हुआ देखा गया। दो अज्ञात युवकों का शव मिलने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश में जुट गई।


जानकारी के मुताबिक गाजीपुर जिले के जमानियां रेलवे स्टेशन क्षेत्र के डिगरी उर्फ इलायचिपुर से होकर चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा को जाने वाले सड़क मार्ग स्थित रेल पुलिया के पास राहगीरों ने एक अज्ञात युवक का शव देखा। जिसके बाद लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृत युवक पेट के बल औंधे मुँह पड़ा हुआ था और कमर के नीचे का हिस्सा नग्न अवस्था में था।

वहीं दूसरी तरफ डेढ़गांवा गांव से महज दो सौ मीटर की दूरी पर बहोरा को जाने वाले सड़क मार्ग किनारे माइनर नहर में एक और शव प्लास्टिक की बोरी में भर कर पानी में फेंका हुआ देखा गया। एक दिन में ही दो अलग अलग स्थानों पर शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। लोगों ने संभावना व्यक्त किया कि हत्या के बाद बोरे में फेंका गया शव जरूर किसी युवती या महिला की होगी।
लेकिन इस संभावना की तस्वीर भी जल्द ही साफ हो गई। दो दो शव मिलने की सूचना पर आनन फानन में सुबह करीब पौने नौ बजे धीना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। माइनर नहर के पानी में बोरे में भरकर फेंके गए शव को पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाला और बोरी को ब्लेड से काटा तो उसके अन्दर करीब 35 वर्षीय एक युवक का शव पड़ा था। जिसकी निर्मम तरीके से गला काट कर हत्या कर दी गई थी।

मृतक लंबा चौड़ा और दोहरे बदन का था। पुलिस की तलाशी में उसके जिन्स पैंट से सिगरेट जलाने वाला दो लाइटर और 20 रुपए के नोट के अलावा पहचान के लिए और कुछ नहीं मिला। मृत युवक के दाहिने हाथ पर त्रिशूल का टैटू बना हुआ था और बाएं हांथ की कलाई में ब्राउन कलर का पट्टा लगा हुआ घड़ी पहना हुआ था, जिसकी घड़ी नौ बज कर पच्चीस मिनट पर बंद थी। जिसे देखकर ऐसा लग रहा था जैसे उसकी हत्या बुद्धवार की शाम की गई होगी और लाश को ठिकाने लगाने के लिए सुनसान जगह देख रात करीब 8 से 9 बजे के बीच माइनर नहर के पानी में फेंक दिया गया होगा।
वहीं दूसरी तरफ पुलिस करीब दो किलोमीटर की दूरी पर डिगरी गांव से पहले रेल पुलिया के पास सड़क मार्ग के किनारे पहुंची जहां करीब 42 वर्षीय दूसरे युवक का शव नग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। पुलिसकर्मियों ने उसके शव को सीधा किया और शरीर पर चोट या अन्य प्रकार के निशान ढूंढने लगी। इसी दौरान पुलिस ने उसके टी शर्ट को जब ऊपर किया तो देखा कि उसके बाएं सीने में एक गोली मारे जाने का निशान बना हुआ था, संभवतः यह पिस्टल की गोली का निशान प्रतीत हो रहा था।
दोनों अज्ञात युवकों की अलग अलग तरीके से की गई हत्या ने पुलिस के सामने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए। सवाल यह भी कि एक की गला काटकर हत्या की गई थी तो वहीं दूसरे की गोली मारकर हत्या क्यों की गई थी। एक का शव प्लास्टिक की बोरी में थी तो दूसरे का शव नग्न अवस्था में क्यों था।
अब इन सभी सवालों के जवाब पुलिस को ढूंढने हैं। दोनों युवकों के शव को देख आशंका व्यक्त किया जा रहा था कि इनकी हत्या कहीं और की गई है और शव को ठिकाने लगाने के लिए दोनों को सुनसान जगह देख कर अलग अलग स्थानों पर फेंक दिया गया।
दोनों युवकों की पहचान, हत्या का कारण और परिस्थिति क्या रही, यह तो पुलिस की तफ्तीश पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। ऐसे में लोगों की निगाहें अब पुलिस के खुलासे के इंतजार में टिकी हुई है।

