गाजीपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को सुबह आठ बजे से मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। मतदान शाम चार बजे तक होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला के अनुसार दोपहर दो बजे तक जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 15,648 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे मतदान प्रतिशत 31.12 रहा। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 3,478 मतदाताओं ने मतदान किया और यहां 56.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जिले के कुल 50,283 मतदाता हैं। इनमें 35,090 पुरुष और 15,193 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए जिले में 19 मतदान केंद्रों पर 52 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इसी प्रकार वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 6,194 मतदाता हैं, जिनमें 4,901 पुरुष और 1,293 महिला मतदाता हैं।
शिक्षक निर्वाचन के लिए 17 मतदान केंद्रों पर 18 मतदान स्थल बनाए गए हैं। मतदान समाप्त होने के बाद मत पेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को होगी।
प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की सुविधा और शांतिपूर्ण मतदान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।

