चंदौली में हत्या कर फेंके गए दोनों युवकों की हुई पहचान, संपत्ति के लालच में हत्या की हो रही चर्चा

धीना (चंदौली)। स्थानीय थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा गांव के पास गुरुवार की सुबह अलग-अलग स्थानों पर रहस्यमय परिस्थितियों में मिले दो युवकों के शव की पहचान शुक्रवार को हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (34 वर्ष) पुत्र स्व. राजेंद्र कुमार सिंह निवासी मेढ़वा नगवा, थाना धीना, चंदौली और सागर त्रिपाठी (36 वर्ष) पुत्र वीरेंद्र निवासी यशोदा नगर, नौबस्ता, कानपुर के रूप में हुई है। दोनों गहरे दोस्त बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, जमानियां-धीना मार्ग पर गुरुवार  की सुबह डेढ़गांवा गांव से पहले रेल पुलिया के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला था। वहीं डेढ़गांवा गांव से करीब दो सौ मीटर दूर बहोरा जाने वाले मार्ग के किनारे माइनर नहर में प्लास्टिक की बोरी में एक अन्य युवक का शव मिला था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू की। नहर से बरामद शव की पहचान सिद्धार्थ सिंह के रूप में हुई, जबकि सड़क किनारे मिले शव की पहचान सागर त्रिपाठी के रूप में की गई।

बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ और सागर करीब तीन दिन पहले कानपुर से वाराणसी घूमने के लिए निकले थे। वाराणसी पहुंचने के बाद दोनों सिद्धार्थ के पैतृक गांव मेढ़वा नगवा भी गए थे। इसके बाद दोनों के शव डेढ़गांवा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर दोनों युवक डेढ़गांवा तक कैसे पहुंचे और उनकी हत्या किस परिस्थिति में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है।

सिद्धार्थ सिंह अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे और अपनी मां के साथ कानपुर में रहते थे। पैतृक गांव मेढ़वा नगवा में उनकी काफी जमीन-जायदाद होने की बात सामने आई है। लोगों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि शायद किसी अपने ने ही संपत्ति के लालच में सिद्धार्थ की गला काटकर हत्या कर दी है, वहीं उसका दोस्त सागर भी उन हत्यारों का शिकार बनकर जान गवां बैठा।

सिद्धार्थ की गला काटकर हत्या की गई थी, जबकि उसके दोस्त सागर के सीने में गोली लगने का निशान मिला था। दोनों का शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने से पुलिस हत्या के कारण और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आशंका है कि हत्या कहीं और करने के बाद दोनों के शव को अलग-अलग स्थानों पर लाकर फेंक दिया गया।

सकलडीहा क्षेत्राधिकारी कृष्णमुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिस दोनों मृतकों की यात्रा, मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल्स और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस टीम लगी हुई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *