जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के राजपुर पोखरा के पास शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हाइड्रोलिक वाहन के बकेट में सवार होकर स्ट्रीट लाइट ठीक कर रहे नगर पालिका के विद्युत कर्मी रमाशंकर शर्मा उर्फ छोटू की डंपर वाहन की टक्कर से गिर कर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक नगर पालिका के स्थायी विद्युत कर्मचारी रमाशंकर शर्मा उर्फ छोटू निवासी वार्ड नं 23 हरपुर शनिवार की दोपहर राजपुर पोखरा के पास एनएच 24 पर नगर पालिका के हाइड्रॉलिक वाहन के बकेट में सवार होकर स्ट्रीट लाइट ठीक कर रहे थे, इसी दौरान गाजीपुर के तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर वाहन ने हाइड्रॉलिक वाहन में टक्कर मार दिया। जिससे बकेट में सवार रमाशंकर शर्मा उछल कर ट्रेलर वाहन के डाला में जा गिरे।
डंपर की टक्कर से हाइड्रॉलिक वाहन खराब हो जाने के कारण डंपर चालक भागने में असफल रहा। जिसे लोगों ने पकड़ लिया लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर चालक वाहन छोड़कर भागने में कामयाब रहा। वहीं गंभीर रूप से घायल रमाशंकर शर्मा को लोगों ने पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी कुंती देवी अपनी पुत्री के साथ पीएचसी पहुंची और पति के शव को देखकर दहाड़े मारकर रोने बिलखने लगी।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने डंपर वाहन को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आयी। बताया जा रहा है कि मृतक रमाशंकर के छोटे भाई शिवशंकर की भी करीब एक वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी और साल भर बाद ही रमाशंकर की भी मौत सड़क दुर्घटना में ही हो गई।
मृतक की तीन बेटियां नेहा, कुमकुम और अन्नू हैं जो अभी अविवाहित हैं। रमाशंकर की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं इनके मौत की खबर लगते ही नगर पालिका के कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
इस संबंध में कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।










