बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे युवा सपा नेता, पीड़ित परिवारों में बांटे लंच पैकेट

सेवराई (गाज़ीपुर)। गंगा और कर्मनाशा नदियों के जलस्तर में बेतहाशा वृद्धि के चलते सेवराई तहसील क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ का संकट गहराया हुआ है। बाढ़ के कारण ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित है और कई परिवारों के सामने भोजन व सुरक्षित ठिकाने की समस्या बनी हुई है। इसी बीच क्षेत्रीय विधायक ओम प्रकाश सिंह के पुत्र एवं युवा सपा नेता रितेश सिंह ने रविवार की देर शाम बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर ग्रामीणों का हाल जाना और राहत कार्य में जुटे रहे।

रितेश सिंह ने तहसील क्षेत्र के सुरहा, राजमल बांध और भतौरा पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। सबसे पहले उन्होंने कर्मनाशा नदी के किनारे बसे सुरहा गांव में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली।

इस दौरान रितेश सिंह की ओर से बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच लंच पैकेट वितरित किया गया। इसके बाद उन्होंने राजमल बांध और भतौरा क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाढ़ के फैलाव, प्रभावित फसलों और ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में स्थानीय लोगों से जानकारी ली। मौके पर मौजूद जरूरतमंद लोगों के बीच भी लंच पैकेट बांटे गए।

रितेश सिंह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में समाजवादी कार्यकर्ता जनता से दूर नहीं रह सकते। उन्होंने कहा कि उनके पिता जमानियां विधायक ओम प्रकाश सिंह भी लगातार बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रयासरत हैं। क्षेत्र के अलग-अलग प्रभावित गांवों में जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण कई परिवारों को घरों की छतों और सड़कों पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसे मुश्किल हालात में परिवार के लिए दो वक्त का भोजन तैयार करना भी चुनौती बन गया है। इसी को देखते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर भोजन के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *