एक लाख का इनामिया बदमाश कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, स्वाट प्रभारी घायल

गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में चर्चित विनीत राय हत्याकांड के वांछित एक लाख रुपये के इनामिया बदमाश कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को बुधवार रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। घटना रात करीब नौ बजे ग्राम कुर्था में आदर्श बाजार से नदी की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई।

पुलिस के अनुसार, 29/30 मई की रात अष्टभुजी कॉलोनी निवासी होटल कारोबारी के पुत्र विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद सहित शंकर पांडेय, आलोक दुबे, सोनू यादव व अन्य आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। फरार चल रहे बदमाश कमलेश बिंद व शंकर पांडेय पर अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी द्वारा एक एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

बुधवार रात पुलिस टीम से हुई मुठभेड़ के दौरान कमलेश चौधरी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक रोहित मिश्रा भी घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने मृतक के कब्जे से एक अवैध 32 बोर की पिस्टल, कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। कमलेश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत कुल सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *