जमानियां (गाजीपुर)। पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से जमानियां, दिलदारनगर होते हुए गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन तक प्रतिदिन ट्रेन सुबह और शाम चलाए जाने की मांग उठी है। इसके लिए स्टेशन बाजार निवासी अधिवक्ता राकेश कुमार सिंह ने सोमवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला को पत्रक सौंपा है।
अधिवक्ता राकेश कुमार सिंह ने पत्रक के माध्यम से मांग करते हुए कहा कि गाजीपुर में गंगा पुल पर रेल ब्रिज बनकर तैयार है, जिसपर दिलदारनगर व डीडीयू स्टेशन से ट्रेन का संचालन होता है। जिसका समय दोपहर में निर्धारित है, इस कारण प्रतिदिन नौकरी पेशा या व्यापारी वर्ग लाभ नहीं उठा पाते।
ऐसी स्थिति में डीडीयू जंक्शन से गाजीपुर के लिए सुबह 7:30 बजे और गाजीपुर से डीडीयू के लिए शाम 4:30 बजे प्रतिदिन ट्रेन चलाई जाए तो इससे न केवल नौकरी पेशा, व्यापारी, छात्र व मरीजों को लाभ मिलेगा बल्कि प्रधामनंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से पेट्रोल डीजल के बचत के आह्वान को भी बल मिलेगी।










