ट्रेलर की टक्कर से टूटा रेल फाटक का बूम, आवागम हुआ बाधित

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के एनएच 24 स्थित बाईपास रेलवे फाटक संख्या 88/ए पर आवागमन उस वक्त बाधित हो गया, जब एक ट्रेलर वाहन की टक्कर से रेल फाटक का बूम टूट कर लटक गया। इस दौरान फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे किसी ट्रेन के आने की सूचना पर गेटमैन रेल फाटक को बंद कर रहा था, इसी बीच गाजीपुर से सैयदराजा की तरफ जा रहा एक ट्रेलर वाहन फाटक बंद होने से पहले निकल जाने के चक्कर में फाटक के बूम से टकरा गया। ट्रेलर की टक्कर से बूम टूट कर लटक गया। इसके बाद गेटमैन ने स्लाइडर पाइप से फाटक बंद कर ट्रेन को पास कराया और घटना की जानकारी आरपीएफ को दी।

फाटक का बूम टूट जाने से एनएच 24 पर दोनों तरफ ट्रक सहित अन्य छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिसका असर स्टेशन बाजार में भी देखने को मिला, जब छोटे वाहन बाजार से होकर अपने गंतव्य को जाने लगे। इसके कारण बाजार में भी जाम लगा रहा और लोग तपती धूप में बेबस नजर आए।

घंटे भर बाद रेल कर्मियों ने टूटे हुए बूम को ठीक किया तब जाकर एनएच पर आवागम बहाल हुआ। गेटमैन की सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने कार्रवाई के लिए ट्रक को कब्जे में ले लिया।

इस संबंध में आरपीएफ प्रभारी गणेश सिंह राणा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *