जमानियां (गाजीपुर)। नेपाल के पोखरा में आयोजित इंडो नेपाल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में बरूईन के चाहत यादव ने गोल्ड मेडल जीत कर अपने देश का नाम रोशन किया है।
स्कूल गेम्स एजुकेशन फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में नेपाल के पोखरा में विगत 14 से 19 मई 26 तक तृतीय एसजीइएफआई ओपन इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। जिसमें स्टेशन बाजार क्षेत्र के बरूईन गांव निवासी गणेश यादव के 14 वर्षीय होनहार पुत्र ताइक्वांडो खिलाड़ी चाहत यादव का चयन हुआ था।

ताइक्वांडो चैंपियनशिप के अंडर 45 किलो भार वर्ग में चाहत ने अपने प्रतिद्वंदी खिलाड़ियों से शानदार मुकाबला करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। बता दें कि चाहत यादव कक्षा 8वीं का छात्र है और चंदौली जनपद के पांडेयपुर धानापुर स्थित एक ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र में एक साल से प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस दौरान चाहत यादव 4 बार नेशनल खेल चुके हैं, जिनका इंडो नेपाल ओपन चैंपियनशिप 26 के लिए उज्जैन में चयन हुआ था।
मात्र 14 वर्ष की आयु में चाहत की इस उपलब्धि से परिजनों सहित क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है। गोल्ड मेडल जीतकर घर लौटने पर परिजनों ने फूलमाला पहना कर चाहत का जोरदार स्वागत किया। उक्त मौके पर बधाई देने वाले लोगों में सत्यप्रकाश सिंह उर्फ सिंटू, ध्रुव गुप्ता, कमलेश गुप्ता, सलीम खान, आकाश यादव आदि मौजूद रहे।










