जमानियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त के निर्देश पर तहसील सभागार में शनिवार को उप जिलाधिकारी मनोज पाठक की अध्यक्षता में नाव सुरक्षा एवं नाविक कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील स्तरीय समिति के सदस्यों, बाढ़ प्रभावित गांवों के प्रधानों तथा नाविक मल्लाह संघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
उप जिलाधिकारी ने नाव सुरक्षा एवं नाविक कल्याण नीति-2020 की जानकारी देते हुए बताया कि यह नीति नाविकों की सुरक्षा और कल्याण के उद्देश्य से लागू की गई है। उन्होंने कहा कि नाविकों को राहत पोर्टल पर मात्र 100 रुपये शुल्क देकर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद नाविकों को शासन की ओर से राहत किट, लाइफ जैकेट, लाइफबॉय, टॉर्च समेत अन्य सुरक्षा सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही नाविकों का समूह बीमा भी कराया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार रामनारायण वर्मा, खंड विकास अधिकारी अरविंद कुमार, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सर्वेश कुमार सहित बाढ़ प्रभावित गांवों के प्रधान मौजूद रहे।










