अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ पत्रक सौंप कांग्रेसी नेताओं ने दिया अल्टीमेटम

जमानियां (गाजीपुर)। भीषण गर्मी के बीच हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को तहसील पहुंचकर विरोध जताया। उत्तर प्रदेश आदिवासी कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव कुन्दन खरवार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जमानियाँ अध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य एवं नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जिशान जलाली ने संयुक्त रूप से उपजिलाधिकारी मनोज पाठक को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार रामनारायण वर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री और जिलाधिकारी गाजीपुर को सौंपा।

ज्ञापन में नेताओं ने कहा कि जमानियाँ विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जनपद में दिन-रात अहो रही अघोषित बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं। भीषण गर्मी में 8 से 10 घंटे तक बिजली गायब रहने से पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। प्रदेश महासचिव कुन्दन खरवार ने कहा कि सरकार के 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी।

ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि क्षेत्र में जर्जर तार और खंभे हादसों को दावत दे रहे हैं, जबकि लो-वोल्टेज के कारण किसानों की मोटरें जल रही हैं। उन्होंने विद्युत उपकेंद्रों पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की भी मांग की। वहीं नगर अध्यक्ष जिशान जलाली ने कहा कि नगर क्षेत्र में भी बिजली संकट से व्यापार प्रभावित हो रहा है और लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में रोस्टर के अनुसार 18 से 20 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति, जर्जर तार एवं खंभों के बदलाव, अतिरिक्त क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने तथा लो-वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की गई।

इस दौरान तसव्वुर अंसारी, युसुफ बशर, प्रवीण खरवार, विद्याशंकर, संजीव शर्मा, आसीर अहमद समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *