जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के दरौली स्टेशन के पूर्वी छोर की तरफ रविवार की देर रात एक 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक रविवार की रात करीब 2 बजे स्थानीय कोतवाली पुलिस को दरौली रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर की तरफ डाउन रेल लाइन के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान में जुट गई।
सुबह होते ही मृतक की पहचान अजय प्रजापति (22) पुत्र रविन्द्र प्रजापति निवासी ग्राम फुल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सोमवार की सुबह परिजनों के साथ कोतवाली पहुँची मृतक की मां धनराजी देवी अपने इकलौते बेटे का शव देखकर दहाड़े मारकर रोने लगी वहीं पत्नी सुनीता अपने पति अजय के शव को देख बेसुध होकर बिलखने लगी।
बताया जा रहा है कि मृतक अजय का विवाह इसी साल 14 मार्च को बिहार प्रदेश के बड़ौरा, रामगढ़ निवासिनी सुनीता से हुआ था। अजय की असामयिक मृत्यु से माता, पिता सहित पत्नी सुनीता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक एक भाई एक बहन थे, जिसमे बहन का विवाह हो चुका है।
इस घटना को लेकर पिता रविन्द्र प्रजापति ने प्रार्थना पत्र देकर पुलिस को बताया कि उनके पुत्र का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था, इसी कारण वह ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर विधिक कार्रवाई की गई।










