जलापूर्ति के लिए लगा हाइटेंशन केबल में लगी आग, जलापूर्ति हुई ठप

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के सब्जीमंडी में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब शनिवार की सुबह करीब 11 बजे पानी आपूर्ति के लिए अलग से लगाया गया 11 हजार के हाइटेंशन केबल में आग लग गई और सरेराह टूट कर सड़क पर गिर गया। संयोग अच्छा रहा है कि इसकी चपेट कोई नहीं आया, अन्यथा बड़ा अनहोनी हो सकता था। वहीं बाजार में पानी की आपूर्ति ठप हो गई।

बताया जा रहा कि स्टेशन बाजार में पानी टंकी से पानी की आपूर्ति के लिए रोडवेज बस स्टैंड स्थित ट्रांसफार्मर से 11 हजार वोल्ट का अलग से बिजली केबल लगाया गया है, जो काफी जर्जर हो चुका है जो आए दिन शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से टूट जाता है और बाजार में जलापूर्ति प्रभावित हो जाता है।

शनिवार की सुबह भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब एक बार फिर हाइटेंशन केबल जलने लगा। यह देख पटरी पर सब्जी बेच रहे दुकानदार अपनी दुकान छोड़ कर हट गए, कुछ देर बाद ही जलता हुआ केबल टूट कर सरेराह नीचे सड़क पर गिर गया। जिससे राहगीरों में अफरा तफरी मच गई। संयोग अच्छा रहा कि इस हादसे में किसी जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। लेकिन बाजार में पानी की आपूर्ति ठप हो गई।

लोगों ने तुरंत बिजली विभाग में फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराया। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मी गोपाल ने दो हिस्सों में टूटे केबल को हटाया। नगरवासियों ने बताया कि यह केबल नगर पालिका प्रशासन द्वारा अलग से लगवाया गया था जिससे कि निर्बाध रूप से नगर में पानी की आपूर्ति हो सके। लेकिन पिछले कुछ महीनों से यह केबल जर्जर अवस्था में हो गया है, जो आए दिन टूटता रहता है।

इस संबंध में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि बिजली कर्मियों से बात कर टूटे हुए तार को ठीक कराया जाएगा।

आरोप लगाया कि सब कुछ जानने के बाद भी नगर पालिका प्रशासन केबल बदलवाने के बजाय चुप्पी साधे हुआ है जो कहीं न कहीं नगर पालिका की निरंकुशता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *