हिंदू इंटर कॉलेज में मनाया गया विश्व पर्यावास दिवस

जमानियां (गाज़ीपुर)। 91 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल सुखबीर सिंह पुनिया के निर्देशन में सोमवार को हिंदू इंटर कॉलेज में विश्व पर्यावास दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों और विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुलभ एवं सम्मानजनक आवास के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट संतोष कुमार पाटिल ने कहा कि आधुनिक दौर में विकास के बावजूद देश में आज भी बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जो पक्के और सुरक्षित आवास से वंचित हैं। प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित छत के साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कैडेट जरूरतमंद और वंचित लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के साथ ही उनकी सहायता के लिए भी आगे आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास कर रही है।

इस दौरान विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेटों ने समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशील रहने तथा अपनी क्षमता के अनुसार उनकी सहायता करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, मानवीय संवेदना और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *