जीवित्पुत्रिका पर्व पर महिला की चेन व लॉकेट चुराने में तीन महिलाएं गिरफ्तार

जमानियां(गाज़ीपुर)। जीवित्पुत्रिका पर्व के दिन महिला की सोने की चेन और जितिया लॉकेट चोरी होने के मामले का स्थानीय कोतवाली पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की जितिया, चेन के दो टुकड़े और एक जोड़ी पायल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, उक्त मामले में ऊषा देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने छोटा संसार पार, बड़हलगंज गोरखपुर निवासिनी सुनीता पत्नी अमित हरिजन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पहले तो वह चोरी की घटना से इनकार करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गई और उसने चेन और जितिया चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला कांस्टेबल की मौजूदगी में तलाशी लेने पर सुनीता के ब्लाउज के अंदर लाल धागे में बंधी पीली धातु की अर्धचंद्राकार जितिया बरामद हुई। वादिनी ने बरामद जितिया की पहचान अपनी चोरी हुई जितिया के रूप में की।

इसके बाद पुलिस ने पूछताछ में सामने आए नामों के आधार पर छोटा संसार पार, बड़हलगंज, गोरखपुर निवासी गुड्डी पत्नी शंभू और बाराचवर, थाना बरेसर गाजीपुर निवासी प्रेमा पत्नी गोविंद को चक्का बांध पंप गृह के दूसरे गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान गुड्डी और प्रेमा के पास से एक-एक चेन का टुकड़ा और एक-एक पायल बरामद हुई।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिलाओं में गुड्डी के खिलाफ प्रयागराज और देवरिया में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपित महिलाओं को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, दिनेश कुमार सिंह सहित कोतवाली पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *