जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मथारा गांव स्थित एक घर में जबरन घुस कर महिला के साथ मारपीट, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना बीते 2 अक्टूबर की शाम 5 बजे की है। पुलिस ने इस मामले में 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मथारा गांव निवासिनी सनोबर वारसी पुत्री जावेद वारसी ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाते हुए बताया कि बीते 2 अक्टूबर की शाम 5 बजे कस्बा बाजार निवासी नारायण दास चौरसिया उर्फ टुनटुन पुत्र स्व. अशोक चौरसिया, मोनू, फयान उर्फ रिंकू, इम्तियाज खान उर्फ सोनू व बबलू खान पुत्र स्व. वारिस खान जबरदस्ती मेरे घर में घुस आए और मेरे तथा मेरे भाई के साथ गाली गलौज और मारपीट करने लगे।
इस दौरान उन लोगों ने मेरा बाल पकड़ कर मुझे जमीन पर पटक दिए और मारने पीटने लगे, जिससे मुझे आँख के ऊपर गंभीर चोटें लगी। लोगों ने बीच बचाव किया तब किसी तरह डायल 112 को घटना की सूचना दी। पुलिस आने की भनक लगते ही मुझे व मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए सभी आरोपी मौके से भाग निकले।
पीड़िता ने अपनी तथा अपने भाई की मेडिकल जांच कराकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।








