जमानियां (गाजीपुर )। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के देवढ़ी गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब घर के रसोई में एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव के बाद लगी आग में झुलस कर दो किशोर छात्र की दर्दनाक मौत हो गयी। सूचना पर पहुँची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक देवढ़ी गांव निवासी 13 वर्षीय छठवीं का छात्र सुंदरम यादव पुत्र मुन्नी लाल यादव अपनी बहन रेखा के साथ सुबह करीब 7 बजे कन्हैया लाल शर्मा के घर दूध लेने गया हुआ था। इस दौरान कन्हैया की पत्नी मीना देवी रसोई में खाना बना रही थी तभी अचानक सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग पकड़ लिया।
यह देख मीना और भाई के साथ दूध लेने गयी रेखा घबरा कर घर के बाहर भाग गई। लेकिन सुंदरम और उसके साथ आंगन में खेल रहा संजय शर्मा का 14 वर्षीय पुत्र विशाल घर के बाहर भागने के बजाय आग से बचने के लिए दूसरे कमरे में जाकर छिप गए। तभी आंगन में रखा बाइक गैस के आग की चपेट में आ गया और तेज धमाके के साथ बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और चारों तरफ आग फैल गयी। जिसमें सुंदरम और विशाल आग की लपटों में घिर कर झुलस गए। जिससे मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गयी।
उधर तेज धमाके की आवाज सुनकर पहुँचे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुँचे नवागत कोतवाल योगेंद्र सिंह और तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने घटना की जानकारी ली।वहीं देवढ़ी गांव में घटी इस हृदय विदारक घटना ने हर किसी की आंखे नम कर दी तथा पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं देवढ़ी गांव में घटी इस हृदय विदारक घटना ने हर किसी की आंखे नम कर दी तथा पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








