जमानियां (गाजीपुर)। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी निधि ने तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
एसडीएम ने तहसील क्षेत्र के डेढ़गांवा, कल्याणचक और पकड़ीतर समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ की स्थिति, जलभराव और आवागमन से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए निर्देशित किया।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा के जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव की लगातार निगरानी की जाए और स्थिति गंभीर होने पर प्रभावित लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
एसडीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, लगातार बढ़ रहा नदी का जलस्तर




