जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के देवढ़ी गांव में सोमवार सुबह गैस सिलेंडर के रिसाव के बाद हुए दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक ने हादसे में मृत सुंदरम यादव (13 वर्ष) पुत्र मुन्नी लाल यादव और विशाल शर्मा (14) पुत्र संजय शर्मा के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में दो मासूम बच्चों का असमय चले जाना बेहद दुखद और पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ खड़े हैं और हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। ओमप्रकाश सिंह ने दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
बता दें कि बीते सोमवार की सुबह देवढ़ी गांव में एलपीजी सिलेंडर से गैस रिसाव के बाद अचानक आग लग गई। आग दरवाजे पर लगे पर्दे के सहारे दूसरे कमरे तक पहुंच गई, जहां मोटरसाइकिल खड़ी थी। आग की चपेट में आने से मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में जोरदार धमाका हो गया।
जान बचाने के लिए दोनों बच्चे एक पटनी पर चढ़ गए, लेकिन आग की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गाँव में मातम और दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।








