जमानियां (गाजीपुर)। एएनटीएफ टीम व स्थानीय पुलिस ने मंगलवार की शाम खिजिरपुर मथारे चट्टी के पास से दो अभियुक्तों को 520 ग्राम हेरोईन व 2 एन्ड्रायड मोबाईल तथा 2 मोटरसाईकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद बुधवार को अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से सभी जेल भेजे गए।
एएनटीएफ टीम के प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रनाथ सिंह ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर वारंटियों की गिरफ्तारी के दौरान एएनटीएफ पुलिस टीम व कोतवाली के उपनिरीक्षक राजकुमार यादव संग मादक पदार्थ की तस्करी रोकथाम व मुखबिर के द्वारा बताये गये व्यक्तियों की तलाश में देवरिया चौकी के आस पास मौजूद था। जहां मुखबिर की सूचना पर ग्राम खिजिरपुर मथारे चट्टी स्थित सरफुद्दीन के मकान से 100 मीटर पहले अभियुक्त अविनाश कुमार निवासी कुदरा जनपद कैमूर भभुआ बिहार व राजू कुमार रावत निवासी रामगढ़ जनपद कैमूर भभुआ बिहार को 520 ग्राम नाजायज हेरोईन व 2 एन्ड्रायड मोबाईल तथा 2 मोटरसाईकिल के साथ पकड़ा गया।
पकड़े गए हेरोइन तस्करों ने पूछताछ में बताया कि बिहार के मोहनिया से हेरोइन लेकर हम लोग गाजीपुर में बेचने आये थे, तभी पकड़े गए। कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट का अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई।

