वाहन चोर गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़, 16 दोपहिया वाहन के साथ तीन गिरफ्तार

गाजीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र में स्वाट टीम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें 15 पूरी मोटरसाइकिलें तथा एक बाइक का कटा हुआ इंजन व अन्य पार्ट्स शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक यह पिछले कुछ वर्षों में वाहन चोरी के खिलाफ जिले की बड़ी कार्रवाइयों में से एक है।

फोटो : प्रेस वार्ता करते पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 27/28 अक्टूबर की मध्यरात्रि मुखबिर की सूचना पर जंगीपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सादात थाना क्षेत्र के कटयां गांव निवासी प्रवेश राजभर (25), अतुल सिंह (29) और नीरज राजभर (26) के रूप में हुई है। जिनके तलाशी में तीन मोबाइल फोन और 450 रुपये भी बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आर्थिक लाभ के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे और उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बेचते थे। पुलिस ने बरामद वाहनों में से छह के संबंध में चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है। इनमें गाजीपुर के कोतवाली, जंगीपुर, करंडा और सैदपुर थानों के अलावा वाराणसी के चौबेपुर थाने में दर्ज मुकदमे शामिल हैं।

पुलिस ने इस मामले में जंगीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई हुए अन्य वाहनों के संबंध में जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *