दीवाल के विवाद में हुई मारपीट में तीन घायल, 5 पर मुकदमा दर्ज

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के वार्ड नं 5 में शुक्रवार की सुबह दीवाल के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक पक्ष से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

वार्ड नं 5 पटखौलिया निवासिनी मंता देवी पत्नी सुरेंद्र कन्नौजिया ने पुलिस को दिये गए तहरीर में बताया कि बहुत समय पहले से ही उनकी दीवाल बनी हुई है, जिसे लेकर विपक्षी बार बार मारने पीटने व जान से मारने की धमकी देते थे। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह 6:25 बजे विपक्षी महिला दीवाल के पास लगे पपीते के पेड़ को उखाड़ कर नष्ट करने लगी।

जब हम लोगों ने मना किया तो विपक्षी रमाशंकर पुत्र पहलवान, प्रमोद पुत्र रमाशंकर, जितेंद्र पुत्र मनोज, सुनैना पत्नी प्रमोद व गुड़िया पत्नी जितेंद्र कन्नौजिया एकजुट होकर जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी डंडो से हम लोगों पर हमला कर दिए और मारपीट कर हमें घायल कर दिए। इस घटना में मुझे, मेरे पति सुरेंद्र व पुत्र हरविंद को काफी चोट लगी है।

मारपीट की यह पूरी घटना घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता ने बताया कि उक्त जमीन व दीवाल को लेकर काफी समय से न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। बावजूद इसके विपक्षियों ने हम लोगों पर जानलेवा हमला किया है। पीड़िता ने इस घटना को लेकर विपक्षियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

इस संबंध में चौकी प्रभारी अश्विनी प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर 5 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *