बाराबंकी में गाजीपुर के तीरंदाजो ने जीते दो रजत व एक कांस्य पदक

जमानियां (गाजीपुर)। पुलिस लाइन, बाराबंकी में 26 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित 12वीं सीनियर राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए तीरंदाजों ने प्रतिभाग किया और खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पूर्व में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के मुख्य सलाहकार रहे अवनीश अवस्थी रहे। प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। व्यक्तिगत स्पर्धा में कुनाल सिंह ने चौथा स्थान प्राप्त किया, जबकि खुशी श्रीवास्तव ने तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

रिकर्व टीम स्पर्धा में रोहित कुमार, शैलेंद्र कुमार, संजय कुमार और आशीष तिवारी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। वहीं मिक्स टीम स्पर्धा में शैलेंद्र कुमार और खुशी श्रीवास्तव की जोड़ी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

रिकर्व महिला टीम स्पर्धा में भी गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खुशी श्रीवास्तव, भावना सिंह, धृति कृष्णा और प्रियंका यादव की टीम ने रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ियों की इस सफलता में मुख्य प्रशिक्षक सतीश दुबे तथा प्रशिक्षक संदीप सिंह और रोहित सिंह की मेहनत और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

गाजीपुर के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां जिले में तीरंदाजी के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ाने के साथ ही खिलाड़ियों को आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *