जमानियां ( गाज़ीपुर)। यूपीआई के जरिए साइबर फ्रॉड के शिकार हुए दो लोगों को स्थानीय थाना साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से राहत मिली है। साइबर सेल ने MRM पोर्टल के माध्यम से दोनों पीड़ितों की कुल 44,998 रुपये की ठगी गई धनराशि उनके खातों में वापस करा दी। धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ितों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के मुताबिक पहला मामला देवरिया गांव निवासी अनीता देवी पत्नी अजय से जुड़ा है। उनके साथ यूपीआई के माध्यम से 39,998 रुपये का फ्रॉड किया गया था। अनीता देवी ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही कोतवाली साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और 30 सितंबर को MRM पोर्टल के माध्यम से पूरी धनराशि उनके खाते में वापस करा दी।
वहीं, दूसरे मामले में जमानियां कस्बा स्थित सब्जी मंडी बाजार निवासी विक्रम गुप्ता पुत्र शिवनरायन गुप्ता यूपीआई फ्रॉड का शिकार हुए थे। उनके साथ 5,000 रुपये की ठगी हुई थी। उन्होंने भी तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल की कार्रवाई के बाद 30 सितंबर को उनके खाते में भी पूरी 5,000 रुपये की धनराशि वापस करा दी गई।

उक्त दोनों मामलों में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह के नेतृत्व में कांस्टेबल आयुष वर्मा, मोहित अहिरवार, संजीव प्रजापति और महिला कांस्टेबल शालिनी पटेल ने त्वरित कार्रवाई की।
धनराशि वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस की साइबर सेल टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है, ताकि ठगी की रकम को समय रहते वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।








