बाढ़ के पानी से गिरी दो घरों की दीवाल, पीड़ितों की बढ़ी मुसीबत

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में इन दिनों बाढ़ के पानी ने ग्रामीणों की मुसीबतें बढ़ा दी है। इसी क्रम में स्टेशन बाजार क्षेत्र के देवढ़ी गांव में शुक्रवार को बाढ़ के पानी से दो ग्रामीणों के घर की दीवाल अचानक गिर गई। संयोग अच्छा रहा कि कोई अप्रिय घटना नहीं घटी।

कर्मनाशा नदी के बाढ़ का पानी क्षेत्र के गायघाट, धुस्का, तियरी सहित देवढ़ी गांव में प्रवेश कर चुका है। जिससे प्रभावित ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई है। इसी क्रम में देवढ़ी गांव निवासी श्रीनाथ राम और उनके पुत्र कृपाशंकर तथा इंद्रजीत कुमार का घर भी बाढ़ के पानी से घिर गया और शुक्रवार को अचानक घर के एक तरफ की दीवाल बाढ़ के पानी में गिर गई। संयोग अच्छा रहा कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। लेकिन पीड़ितों की मुश्किलें बढ़ गई।

दीवाल गिरने से घर का एक हिस्सा पूरी तरह से खुला हो गया। जिससे विषैले जीव जंतुओं के घर में प्रवेश करने की चिंता बढ़ गई। युवा भाजपा नेता अमित सिंह आदि ने घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को दी। सूचना पर देवढ़ी गांव स्थित पीड़ितों के घर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल तौकीर खान व शिव प्रकाश ने पीड़ितों के हुए क्षति की रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को सौंपी और पीड़ितों को राहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *