कर्मनाशा नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित गांवों का एसडीएम ने किया निरीक्षण

जमानियां (गाजीपुर)। कर्मनाशा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण बिहार की सीमा से लगे स्थानीय तहसील क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने उपजिलाधिकारी निधि ने शुक्रवार को धूस्का, करमहरी, केसरुआ, तियरी सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से स्थिति की जानकारी ली तथा जलभराव और आवागमन समेत अन्य समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण किया। तत्पश्चात उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने तथा राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।



इस दौरान ग्राम पंचायत केसरुआ में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राशन किट सामग्री का वितरण किया गया। राशन किट मिलने पर प्रभावित ग्रामीणों ने राहत महसूस की। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को भरोसा दिलाया गया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने संबंधित विभागों को नदी के जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *