जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। गुरुवार को उपजिलाधिकारी निधि एवं तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रशासनिक टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत व्यवस्था, आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सब्बलपुर गांव में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पूर्व विधायक सुनीता सिंह की मौजूदगी में राशन किट का वितरण किया गया। इसके साथ ही बाढ़ से प्रभावित पशुओं के लिए भूसा सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। राहत सामग्री मिलने पर ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।

इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर क्षेत्र स्थित बलुआ घाट का भी निरीक्षण किया। यहां बाढ़ की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ के कारण उत्पन्न किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।








