ट्रैक्टर की चपेट में आने से मस्जिद के इमाम हुए घायल, वाराणसी रेफर

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा क्षेत्र के पावर हाउस गेट के पास गुरुवार की सुबह एनएच 24 पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक चालक वसीम खान गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। जानकारी के मुताबिक दिलदारनगर थाना क्षेत्र के चित्रकोनी गांव निवासी मौलाना वसीम खान (35) पुत्र इसरार खान स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मथारे गांव स्थित एक मस्जिद के पेशे इमाम हैं।

गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी हेना को बाइक पर बैठा कर कस्बा बाजार की ओर जा रहे थे, तभी पवार हाउस गेट के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह पत्नी सहित सड़क पर गिर गए, इसी दौरान ईंट लेकर पीछे से आ रहा एक ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनकी पत्नी को मामूली चोट लगी। यह देख मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मौलाना वसीम खान को पीएचसी पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इस संबंध में कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *