45 लीटर अवैध देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

जमानियां (गाजीपुर) अपराधियों और शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्थानीय पुलिस ने बुधवार को एक युवक को 45 लीटर अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ब्ल्यू लाइम ब्रांड की देशी शराब के 225 पाउच बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान बडेसर नहर तिराहा के पास मुखबिर से सूचना मिली कि डिगरी इलाचीपुर नहर रेलवे लाइन के पास एक युवक अवैध शराब लेकर मौजूद है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित कुमार (20 वर्ष) पुत्र मुन्ना चौधरी निवासी सिया पोखर थाना मोहनिया जनपद भभुआ, बिहार के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान उसके पास से 05 पेटी ब्ल्यू लाइम देशी शराब, जिसमें कुल 225 पाउच बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस प्रकार बरामद शराब की कुल मात्रा 45 लीटर बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब की दुकान से शराब खरीदकर उसे बिहार में अधिक कीमत पर बेचता था। इस मामले में पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *