जमानियां (गाजीपुर)। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार तेजी से हो रही वृद्धि से तटवर्ती इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को जलस्तर 60.450 मीटर दर्ज किया गया, जबकि पानी करीब चार सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। बलुआ घाट की सीढ़ियां और निचले हिस्से का शवदाह स्थल पानी में डूब गया है। अब घाट के ऊपर बने शवदाह स्थल पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय के अनुसार, मंगलवार को जलस्तर 59.310 मीटर था, जो बुधवार को बढ़कर 60.450 मीटर हो गया। यह चेतावनी बिंदु 62.100 मीटर से करीब पौने दो मीटर नीचे है। जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांवों के किसानों और पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी गति से पानी बढ़ा तो निचले इलाकों में आवागमन और जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
एसडीएम निधि ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए तहसील स्तर पर 24 घंटे संचालित बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय है। राजस्वकर्मियों को एलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके लिए तहसील क्षेत्र में कुल 13 बाढ़ चौकियां और 7 बाढ़ राहत शरणालय बनाया गया है।








