हिंदू इंटर कालेज जमानियां में हुई एनसीसी भर्ती परीक्षा, छात्र छात्राओं में दिखा उत्साह

जमानियां (गाजीपुर)। हिंदू इंटर कॉलेज स्टेशन में बुधवार को एनसीसी भर्ती परीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे छात्र छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। एनसीसी भर्ती को लेकर कॉलेज परिसर में काफी चहल पहल देखने को मिला। 91 यूपी बटालियन एनसीसी के कर्नल सुखबीर पूनिया के निर्देशन में आयोजित इस भर्ती परीक्षा में सुबह से ही छात्र छात्राओं का हुजूम कॉलेज परिसर में पहुंचने के लिए उमड़ा रहा।

भर्ती के लिए पहुंचे प्रतिभागियों का सर्वप्रथम शारीरिक माप लिया गया। तत्पश्चात दौड़, पुशअप, सीटअप आदि प्रकार का टेस्ट लिया गया। फिर अंत में लिखित परीक्षा लिया गया। सूबेदार मेजर जी बी थापा ने बताया कि सीनियर डिवीजन (SD) व सीनियर विंग (SW) के लिए लगभग 250 तथा जूनियर डिवीजन (JD) व जूनियर विंग (JW) के लिए लगभग 65 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है। बताया कि भर्ती लिखित परीक्षा का परिणाम एक सप्ताह के भीतर जारी कर दिया जाएगा।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान लेफ्टिनेंट संतोष कुमार पाटिल ने अभ्यर्थियों को एनसीसी के महत्व और इसके उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, साहस और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

वहीं सेकंड ऑफिसर रामजी प्रसाद ने कहा कि एनसीसी से जुड़कर विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ टीम भावना, नेतृत्व और जिम्मेदारी का अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में पूरे आत्मविश्वास के साथ भाग लेने तथा भविष्य में एनसीसी के माध्यम से विद्यालय, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित कर अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर सूबेदार मेजर जीबी थापा, सूबेदार भूपेंद्र, चंद्रशेखर, नायब सूबेदार मिलन थापा, हवलदार भवन सिंह बोहरा, संजय कुशवाहा, सुनील, बटालियन लिपिक राजेंद्र तिवारी, लश्कर विनोद, के, जीसीआई तान्या जायसवाल आदि मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *