जमानियां ( गाज़ीपुर)। स्थानीय क्षेत्र में प्रस्तावित विंध्य लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों का विरोध तेज होता जा रहा है। गुरुवार को खरगसीपुर उर्फ नईबाजार गांव के दर्जनों किसानों ने प्रशासक प्रतिनिधि वाहिद खान के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी निधि से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। किसानों ने एसडीएम को शिकायत पत्र सौंपते हुए अधिग्रहित की जा रही जमीन का उचित बाजार मूल्य निर्धारित कर मुआवजा देने की मांग की।
किसानों का कहना है कि प्रस्तावित एक्सप्रेसवे का मार्ग उनकी उपजाऊ कृषि भूमि से होकर गुजर रहा है। खेती ही उनके परिवारों की आय और भरण-पोषण का प्रमुख साधन है। ऐसे में जमीन अधिग्रहित होने से कई परिवारों के सामने कृषि आधारित आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।
किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से निर्धारित मुआवजा क्षेत्र के मौजूदा बाजार मूल्य की तुलना में काफी कम है। उन्होंने अधिग्रहण की जा रही भूमि का दोबारा निष्पक्ष सर्वे कराने तथा वर्तमान बाजार मूल्य को ध्यान में रखते हुए सर्किल रेट का पुनर्निर्धारण करने की मांग की। किसानों ने कहा कि उन्हें जमीन का उचित बाजार मूल्य मिलने के बाद ही अधिग्रहण की प्रक्रिया को स्वीकार किया जाएगा।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। वहीं, उपजिलाधिकारी निधि ने किसानों को उनकी मांगों और समस्याओं को उच्चाधिकारियों तक भेजने का आश्वासन दिया।
इस मौक़े पर नईबाजार के प्रशासक प्रतिनिधि वाहिद खान, पूर्व प्रधान कपिलदेव यादव, अभिषेक सिंह, तुफैल, नसीम खान, मुख्तार खान, जहांगीर खान, सफीउल्ला, मुश्ताक खान समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।
विंध्य लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध तेज, उचित मुआवजे की मांग पर किसानों ने सौंपा ज्ञापन




