जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार चौकी पुलिस ने बुधवार को मदनपुरा नहर के पास से एक ई-रिक्शा से 44.28 लीटर अवैध शराब बरामद कर एक चालक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
स्टेशन बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अश्विनी प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार को वह अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त के दौरान बरूईन नहर के पास मौजूद थे तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक ई रिक्शा चालक काफी मात्रा में शराब लेकर मदनपुरा नहर के रास्ते बरूईन की तरफ जा रहा है। यह सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंच कर बरूईन की तरफ जा रहे एक ई रिक्शा UP61 BT 3632 को पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर ई रिक्शा से 135 पाउच ब्लू लाइम देशी शराब (कुल 27 लीटर) और 96 पाउच 8 पीएम अंग्रेजी शराब (कुल 17.28 लीटर) बरामद हुआ। पूछताछ में गिरफ्तार ई रिक्शा चालक ने अपना नाम राहुल कुमार (28 वर्ष) पुत्र स्व. कन्हैया प्रसाद, निवासी कंजेहरा, थाना कंदवा, जनपद चंदौली बताया। चौकी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।








