जमानियां (गाजीपुर)। बेतहाशा बिजली कटौती, गलत बिजली बिल व जर्जर तारों से हो रहे बिजली आपूर्ति के खिलाफ मंगलवार को स्थानीय नागवासियों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और विरोध प्रदर्शन करते हुए अधिशासी अभियंता प्रहलाद कुमार को पत्रक सौंप कर बिजली समस्यायों को दूर करने की मांग की।
बिजली आपूर्ति व इससे जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के प्रदेश सचिव विजय कुमार यादव के नेतृत्व में दर्जनों क्षेत्रीय ग्रामीण, नगरवासी व जनप्रतिनिधि मंगलवार की सुबह तहसील मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान पर पहुँचे और बिजली विभाग के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान दर्जनों लोग एनएच 24 पर जुलूस निकाल कर विद्युत वितरण खंड चतुर्थ जमानियां के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुँचे।

जहाँ अधिशासी अभियंता प्रहलाद कुमार को पत्रक सौंपते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता वर्तमान समय में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी गंभीर समस्याओं से परेशान है। विशेष रूप से शाम और रात्रि के समय भारी एवं अनिश्चितकालीन विद्युत कटौती की जा रही है। उमस एवं गर्मी के इस मौसम में रात्रि के समय लगातार बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं व्यापारियों को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्रक के माध्यम से मांग किया कि अघोषित एवं अनिश्चित विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाते हुए निर्धारित रोस्टर/ समय-सारणी सार्वजनिक की जाए, जर्जर एवं पुराने बिजली के तारों को तत्काल बदलवाया जाए, अनियमित एवं गलत बिजली बिलों की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए, बिजली बिल से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी शिकायत निवारण केंद्र की व्यवस्था की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़ें, बार-बार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज एवं फॉल्ट की समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर स्थायी समाधान किया जाए।
बिजली समस्या से जूझ रहे आक्रोशित लोगों ने कहा कि यदि एक सप्ताह में समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होता है तो क्षेत्र की जनता लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से पुनः धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को समस्याओं से अवगत करा कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उक्त मौके पर जिला पंचायत सदस्य बसंत यादव, रजनीकांत यादव, प्रमोद यादव, मोहन गुप्ता, संत कुमार यादव, रोजन राईन, शम्भूनाथ यादव, निजामुद्दीन राईन, उमराव यादव, मनीष यादव, रोहित सिंह, शिव बचन यादव सहित अन्य लोग शामिल रहे।








