खरवार समाज की हुई बैठक, जातिगत जनगणना व प्रमाण पत्र मुद्दे पर जताया आक्रोश


जमानियां (गाजीपुर)। रेवतीपुर पंचायत भवन में खरवार समाज के प्रबुद्धजनों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में 2 मई 2026 से उत्तर प्रदेश में शुरू हो रही जातिगत जनगणना को लेकर समाज के लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही गाजीपुर जनपद में शासनादेश के बावजूद खरवार समाज के जाति प्रमाण पत्र सुचारू रूप से जारी न होने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम त्रिवेणी प्रसाद खरवार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें समाज की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। उत्तर प्रदेश के आदिवासी युवा नेता कुन्दन खरवार ने अपने संबोधन में समाज को एकजुट होकर अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने नीलांबर-पीतांबर, बिरसा मुंडा, महारानी दुर्गावती, डॉ. भीमराव अम्बेडकर सहित अन्य महान विभूतियों के जयकारे भी लगाए।

दिनेश खरवार ने समाज को किसी भी राजनीतिक दल की चापलूसी से दूर रहने की बात कही। वहीं पूर्व सैनिक भरत खरवार ने कहा कि जब अंग्रेजों से नहीं डरे, तो अब भी किसी से डरने की जरूरत नहीं है।

बैठक में शशिकांत खरवार, प्रवीण खरवार, मिथिलेश खरवार सहित कई लोगों ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर नंदलाल खरवार, अशोक खरवार, मार्कण्डेय, रामरतन खरवार, बबलू समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *