गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के सिपाह गांव में बीते 21 अगस्त को हुई प्रमोद राजभर (26) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मंगलवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस की लाठी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, प्रमोद राजभर निवासी ग्राम सिपाह की हुई हत्या के मामले में पीड़ित पिता रविन्द्र राजभर की तहरीर पर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही थी। तफ्तीश के दौरान थानाध्यक्ष ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वांछित आरोपी मुन्ना राजभर उर्फ राजकुमार, शिवकुमार राजभर, बृजेश राजभर और अंदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया और विधिक कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया।
पुलिस ने मुन्ना राजभर की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस की लाठी बरामद की। तत्पश्चात गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।








