गाजीपुर। रामपुर मांझा थाना पुलिस ने मंगलवार की रात चकेरी चौराहे के पास मुठभेड़ के दौरान दो गौ तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए सीएचसी देवकली भेजा गया। पुलिस ने मौके से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, सफेद रंग की बोलेरो और तीन गोवंश बरामद किया है।
थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ रात में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान चीता मोबाइल से सूचना मिली कि एक संदिग्ध बोलेरो वाहन पियरी की ओर से चकेरी जा रही है। इस सूचना पर पुलिस ने चकेरी चौराहा स्थित मंदिर के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, वाहन सवार बदमाशों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपित की पहचान कमलेश बिंद (32) पुत्र पंचम बिंद निवासी सहेड़ी, थाना नंदगंज के रूप में की। वहीं मौके से सोनू यादव (29) पुत्र रामअवध यादव निवासी पचरासी, थाना नंदगंज को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों पर कई मुकदमे हैं दर्ज –
पुलिस के मुताबिक सोनू यादव के खिलाफ दिलदारनगर, करंडा, नंदगंज, सुहवल, बहरियाबाद और जमानियां थानों में आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। कमलेश बिंद के खिलाफ भी जमानियां और चंदौली जनपद के कंदवा थाने में गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने मुठभेड़, बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में रामपुर मांझा थाना पुलिस शामिल रही।








