भामाशाह की प्रतिमा के लिए हुआ भूमि पूजन

जमानिया (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद द्वारा स्टेशन बाजार के राइस मिल मोड़ तिराहे के पास दानवीर भामाशाह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए सोमवार को विधि-विधान से शिलान्यास और भूमि पूजन किया गया।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि दानवीर भामाशाह भारतीय इतिहास में त्याग, वीरता और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। महाराणा प्रताप के संघर्ष के समय उन्होंने अपनी संपत्ति मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित कर दी थी। उन्होंने कहा कि भामाशाह का जीवन देश और समाज के प्रति त्याग व समर्पण की प्रेरणा देता है।

उन्होंने बताया कि भामाशाह ने महाराणा प्रताप को संघर्ष के लिए आर्थिक सहयोग देने के साथ स्वयं भी युद्ध में भाग लेकर वीरता का परिचय दिया था। नगर के प्रमुख स्थान पर उनकी प्रतिमा स्थापित होने से लोगों को उनके गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र के प्रति योगदान की जानकारी मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने का काम करती हैं। भामाशाह की प्रतिमा युवाओं में राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और त्याग की भावना को मजबूत करने में प्रेरणास्रोत बनेगी।

भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान लोगों में उत्साह रहा। इस मौके पर नगर के गणमान्य नागरिक, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *